6NB, 6, 4WD, 6, 4NB, 6, 0, 6, 4... एक ही ओवर में कूट दिए 45 रन, इस बल्लेबाज ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
Updated on
02-08-2025 12:42 PM
नई दिल्ली: ईसीएस टी10 लीग में लंदन काउंटी क्रिकेट के लिए अफगानिस्तान के उस्मान गनी ने तहलका मचा दिया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी ताबड़तोड़ खेल से एक ही ओवर में 45 रन कूट दिए। इसके साथ ही उस्मान ने एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले प्रोफेशनल क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज ने एक ओवर में 45 रन नहीं बनाए थे। गिल्डफोर्ड के खिलाफ खेले गए इस मैच में उस्मान गनी ने लंदन काउंटी के लिए 43 गेंद में 153 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उस्मान ने 17 छक्के और 11 चौके भी लगाए।उस्मान की इस धमाकेदार बल्लेबाजी से लंदन काउंटी ने 10 ओवर में 226 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। उस्मान ने जिस गेंदबाज की कुटाई की उनका नाम विल एर्नी है। विल ने अपने 2 ओवर में 64 रन लुटाए। विल के जिस ओवर में उस्मान ने 45 रन बनाए जिसमें उन्होंने 8 बाउंड्री लगाई, जिसमें 5 छक्के और 3 चौके शामिल थे। विल ने अपने इस ओवर में दो नो बॉल और दो वाइड गेंद भी डाली, जिस पर उस्मान ने बाउंड्री हासिल की। इस तरह उस्मान ने विल की धज्जियां उड़ाकर रख दी। उस्मान के अलावा इस्माइल बहरमानी ने भी 19 गेंद में 61 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इस्माइल ने भी अपनी इस पारी में 5 छक्के और 7 चौके लगाए।लंदन काउंटी ने दर्ज की जबरदस्त जीतलंदन काउंटी के इस स्कोर के जवाब में गिल्डफोर्ड की टीम कहीं भी नहीं ठहर पाई। गिल्डफोर्ड की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 10 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 155 रन ही बना सकी। इस तरह लंदन की टीम ने 71 रनों से दमदार जीत हासिल की। गिल्डफोर्ड की हालत ऐसी रही कि वह उस्मान गनी के निजी स्कोर से सिर्फ 2 रन ज्यादा बना सकी।