भोपाल : हवाओं का रुख लगातार उत्तरी बना रहने से प्रदेश में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं। इसी क्रम में बुधवार को प्रदेश में दिन का सबसे अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। रात का सबसे कम 13.4 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में रिकॉर्ड किया गया।
हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 12.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, धूप के तेवर और तीखे होने की संभावना है। गुरुवार को दिन का पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
ग्वालियर से खबर है कि गर्मी ने दिनभर लोगों को बेचैन किया। बिना पंखा चलाए बैठने में गर्माहट महसूस हुई, इसके अलावा अब ठंडे पानी से ही प्यास बुझ पा रही है। वहीं रात के तापमान में भी उछाल का सिलसिला जारी है।
पारा 17 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। जम्मू-कश्मीर में लगातार पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने से फरवरी माह के दूसरे पखवाड़े से ही उत्तरी हवाओं के आने का सिलसिला थमा हुआ है।
गत नौ मार्च को सक्रिय हुए विक्षोभ के कारण हवाओं का रुख पश्चिमी हो गया है और राजस्थान की ओर से गर्म हवाएं आ रही हैं। ये क्रम बुधवार को भी जारी रहा। सुबह साढ़े 11 बजे ही पारा 33.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था।